श्रद्धा और भक्ति में डूबा बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ धाम, शिवरात्रि पर लगा आस्था का सैलाब
ब्रह्मपुर। प्रखंड स्थित ऐतिहासिक बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ धाम में शुक्रवार को ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष की शिवरात्रि श्रद्धा और भक्ति के माहौल में मनाई गई। सुबह होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे धाम क्षेत्र में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। अहले सुबह मंदिर समिति एवं पंडा-पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा का विशेष पूजन, जलाभिषेक और श्रृंगार आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। हाथों में जल, बेलपत्र और फूल लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मान्यता है कि शिवरात्रि के दिन भगवान शिव की पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन में सुख-शांति आती है। इसी आस्था के साथ दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए ब्रह्मपुर थाना पुलिस मंदिर परिसर में मुस्तैद रही। देर शाम तक पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहा।










