अंजुम आरा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का स्वागत भगवान बुद्ध का तैल चित्र भेंट कर किया
बक्सर। जदयू की प्रदेश प्रवक्ता सह डुमरांव विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी अंजुम आरा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का स्वागत भगवान बुद्ध का तैल चित्र भेंट कर किया। इस दौरान उन्होंने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने “न्याय के साथ विकास” के अपने संकल्प को जमीन पर उतारते हुए बिहार में विकास की नई इबारत लिखी है। अंजुम आरा ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में आधारभूत संरचना के साथ-साथ मानव विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है, जो आज राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने महिलाओं को घर की चौखट से बाहर निकालकर उन्हें राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है। उन्होंने कहा कि पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण के कारण आज महिलाएं मुखिया जैसे पदों पर आसीन होकर विकास कार्यों में अहम भूमिका निभा रही हैं। वहीं, सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण, साइकिल योजना, पोशाक और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं ने बेटियों को आत्मनिर्भर बनाया है। अंजुम आरा ने कहा कि इन प्रयासों के लिए बिहार की महिलाएं मुख्यमंत्री की युगों-युगों तक ऋणी रहेंगी।










