सैन्य पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में एड्स जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर
बक्सर। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के तत्वावधान में सैन्य पुलिस प्रशिक्षण केंद्र डुमरांव में एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैन्य पुलिस प्रशिक्षण केंद्र एवं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-4 की लगभग 2000 महिला प्रशिक्षुओं को एचआईवी/एड्स से बचाव, लक्षण, उपचार, कानूनी अधिकार एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सहायक निदेशक सरिता कुमारी एवं समाजसेवी पूर्व ब्रांड एंबेसेडर सह अधिवक्ता सुन्दरम कुमार की विशेष सहभागिता रही। प्रशिक्षुओं को एचआईवी संक्रमण के कारण, सुरक्षित जीवनशैली, समय पर जांच एवं बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिवक्ता सुन्दरम कुमार ने एचआईवी एवं एड्स (रोकथाम और नियंत्रण) अधिनियम, 2017 की जानकारी देते हुए कहा कि संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव करना कानूनन अपराध है। वहीं सरिता कुमारी ने महिला प्रशिक्षुओं से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने की अपील की। इस अवसर पर अशोक कुमार, मोहम्मद मनीउर रहमान खान एवं सीमा कुमारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं महिलाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाना था।










