एलपीजी कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, 27 गैस एजेंसियों की सघन जांच
बक्सर। बुधवार को जिले में एलपीजी गैस की संभावित जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के संयुक्त निर्देश पर जिले की 27 गैस एजेंसियों की सघन जांच कराई गई। इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिनमें प्रत्येक टीम में एक वरीय दंडाधिकारी या पदाधिकारी के साथ एक पुलिस अधिकारी को शामिल किया गया। जांच के दौरान अधिकारियों ने निर्धारित निरीक्षण प्रपत्र के आधार पर एजेंसियों की व्यवस्था को परखा। इस दौरान मूल्य सूची, कार्य के घंटे और स्टॉक की स्थिति के प्रदर्शन की जांच की गई। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि डिलीवरी कर्मियों के पास वजन करने वाला वेईंग स्केल मौजूद हो और उपभोक्ताओं के सामने सिलेंडर का सही वजन एवं लीकेज की जांच की जा रही हो। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखा गया। एजेंसियों में फस्र्ट एड बॉक्स, शिकायत पुस्तिका और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता की जांच की गई। इसके अलावा यह भी देखा गया कि डिलीवरी कर्मी वर्दी और परिचय पत्र के साथ कार्य कर रहे हैं या नहीं। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर ही उपभोक्ताओं से फीडबैक भी लिया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनसे निर्धारित दर से अधिक राशि नहीं ली जा रही है। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की सूचना तत्काल जिला कंट्रोल रूम के नंबर 06183-223333 पर दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।










