बिहार सेंट्रल स्कूल में शत प्रतिशत परिणाम पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित, छात्रों का हुआ सम्मान
बक्सर। गुरुवार को बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम आने पर भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का माहौल उत्सवमय हो उठा। सफल छात्र-छात्राओं का स्वागत पुष्पवर्षा, मिठाई और उपहार देकर किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का सही उपयोग समाज और परिवार के उत्थान में होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि सफल विद्यार्थियों का कर्तव्य है कि वे अपने जूनियर छात्रों का मार्गदर्शन करें और उन्हें सही दिशा दिखाएं। इस दौरान छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सतत अध्ययन और एकाग्रता ही सफलता की कुंजी है। इस अवसर पर रक्षा कुमारी, विकास, आयुष्मान, सत्यामूजा, आस्था, राज सिंह, हरिओम, रोशनी और समिति सहित अन्य मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










