लोधास गांव में सनसनी, प्रेम प्रसंग विवाद में युवती ने चढ़ा बिजली टावर
इटाढ़ी। थाना क्षेत्र के लोधास गांव में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेम प्रसंग से जुड़ी नाराजगी में एक युवती करीब 150 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती काफी देर तक टावर पर बैठी रही। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन युवती किसी की बात मानने को तैयार नहीं थी। स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस ने युवती के प्रेमी को मौके पर बुलाया। बताया जाता है कि प्रेमी के समझाने और भरोसा दिलाने के बाद युवती धीरे-धीरे नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। इसके बाद पुलिस एवं ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे काफी देर तक भीड़ लगी रही। पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।










