विश्व रेड क्रॉस दिवस पर डुमरांव में मानव सेवा को समर्पित कार्यक्रम आयोजित
डुमराँव। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 8 मई 2026 को डुमरांव अनुमंडल कार्यालय सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडलाधिकारी सह सोसाइटी के उपाध्यक्ष राकेश कुमार ने किया। वहीं इसका संचालन पूर्व पार्षद धीरज कुमार ने की। इस अवसर पर डुमरांव रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यवाहक सचिव मोहन गुप्ता ने कहा कि विश्व रेड क्रॉस दिवस रेड क्रॉस सोसाइटी के संस्थापक जॉन हेनरी ड्यूनेंट की जयंती के उपलक्ष्य में पूरे विश्व में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी मानव सेवा एवं पीड़ितों की सहायता के लिए सदैव अग्रणी भूमिका निभाती रही है। डुमरांव में भी समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर एवं अन्य जनसेवा कार्यक्रम आयोजित कर लोगों की सेवा की जाती है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओ राकेश कुमार एवं डीसीएलआर ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रति लोगों में गहरी आस्था और विश्वास है। चाहे स्वास्थ्य शिविर हो या रक्तदान अभियान, संस्था लगातार मानव सेवा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दे रही है। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में राजपरिवार के सम्मानित सह-पैटर्न सदस्य मान विजय सिंह, राजीव भगत, ओम ज्योति भगत, सोनू राय, श्याम जी गुप्ता, डॉ. भास्कर मिश्रा, सत्यम गुप्ता, अनिल केसरी, संतोष कुमार खादिम सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।










