संस्थागत प्रसव व पोषण सेवाओं पर डीएम सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई के आदेश
बक्सर। जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं आईसीडीएस विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं, संस्थागत प्रसव, पोषण पुनर्वास केंद्र तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रथम निबंधन के बाद यदि कोई महिला सरकारी संस्थान में प्रसव नहीं कराती है तो संबंधित आशा कार्यकर्ता पर कार्रवाई की जाए। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। पोषण पुनर्वास केंद्रों की समीक्षा करते हुए कुपोषित बच्चों को केंद्र तक लाने तथा स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस के समन्वय से नियमित निगरानी करने का आदेश दिया गया। जो बच्चे केंद्र नहीं पहुंच पा रहे हैं, उनके लिए डाइट चार्ट बनाकर आंगनबाड़ी के माध्यम से पोषण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। कम जांच करने वाले चिकित्सकों से स्पष्टीकरण, तथा अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने हेतु कार्य योजना बनाने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया। साथ ही कम उपलब्धि वाले अधिकारियों से जवाब तलब किया गया। पोषण ट्रैकर, आभा आईडी एवं हॉट कुक मील में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं कन्या उत्थान योजना में शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने का निर्देश भी दिया गया।










