कुक्कुट पालक ने प्रशासन पर लगाया उपेक्षा का आरोप, लाखों की क्षति
राजपुर। प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में आई भीषण आधी, बारिश एवं ओलावृष्टि ने विशेषकर कुक्कुट पालकों के सामने जीविका का संकट खड़ा कर दिया है। कुक्कुट पालन से स्वरोजगार करने वाले लोगों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। राजपुर प्रखंड अंतर्गत विभिन्न गांवों सहित धनसोई थाना क्षेत्र की बन्नी पंचायत के गजशंकरी मौजा निवासी कुक्कुट पालक मदन कुमार यादव ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के साथ प्रशासनिक सहयोग नहीं मिलने से उनकी कमर टूट गई है। इस आपदा में लगभग 2500 चूजों की मौत हो गई, वहीं चूजों का आहार भी बारिश में भींगकर सड़ने लगा है। कुल मिलाकर उन्हें लगभग ढाई लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रशासन द्वारा जांच-पड़ताल कर किसी प्रकार की सहायता की पहल नहीं की गई है। आपदा से पीड़ित मदन कुमार यादव ने कहा कि जब उन्होंने आपदा से हुई क्षति की लिखित सूचना धनसोई थाना में वर्ज करानी चाही, तो परिसीमन क्षेत्र से बाहर होने की बात कहकर मामला टाल दिया गया। मदन कुमार यादव ने बताया कि इससे पहले भी उनके कुक्कुट फार्म में दो बार चोरी हो चुकी है। इसकी सूचना राजपुर एवं इटाढ़ी थाना को देने का प्रयास किया गया, लेकिन तीनों थानों ने इसे परिसीमन का मामला बताकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की और न ही कोई कार्रवाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि वरीय पदाधिकारियों द्वारा भी उनके आवेदन को अनसुना कर दिया गया।










