मेगा ब्लॉक में बक्सर स्टेशन के पूर्वी छोर पर नहर पुल पुनर्स्थापन कार्य तेज़ी से जारी
बक्सर। बक्सर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर नहर के ऊपर बने रेलवे पुल के पुनर्स्थापन का कार्य आज तेजी से किया जा रहा है, ताकि रेल परिचालन सुरक्षित और निर्बाध बना रहे। इस कार्य के तहत पुराने पुल को मजबूत करने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। रेल यातायात निरीक्षक विंध्याचल पाण्डेय ने बताया कि पुल की स्थिति को देखते हुए तेज रफ्तार ट्रेनों को सावधानीपूर्वक धीमी गति से गुजारा जा रहा था। सुरक्षा के मद्देनज़र इस पुनर्निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी गई है।उन्होंने बताया कि नेउरा स्टेशन पर सिग्नल संबंधित कार्यों के कारण लगे मेगा ब्लॉक का लाभ उठाते हुए बक्सर-चौसा रेलखंड पर व्यापक स्तर पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस दौरान रेलवे के करीब दो दर्जन से अधिक अधिकारी और कर्मचारी भीषण गर्मी में सैकड़ों मजदूरों के साथ लगातार जुटे हुए हैं। कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए आधुनिक मशीनों, क्रेन और अन्य उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है, ताकि न्यूनतम समय में काम पूरा कर रेल सेवाओं को सुचारू रूप से बहाल किया जा सके। इस मौके पर रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें स्टेशन प्रबंधक बक्सर रजत सक्सेना सहित तकनीकी शाखा के अधिकारी भी शामिल थे।










