कैम्ब्रिज स्कूल डुमराँव में स्वास्थ्य सेमिनार, सर्वाइकल कैंसर से बचाव पर जोर
डुमराँव। कैम्ब्रिज स्कूल के सभागार में स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के सहयोग से सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) और एचपीवी वैक्सीन के महत्व पर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं और अभिभावकों को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना था। सेमिनार का उद्घाटन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, डुमराँव के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आर.बी. प्रसाद और विद्यालय के चेयरमैन टी. एन. चौबे ने संयुक्त रूप से किया। डॉ. प्रसाद ने बताया कि एचपीवी वायरस सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और इसके रोकथाम के लिए टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन 9 से 14 वर्ष की आयु में सबसे अधिक प्रभावी होती है तथा शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करती है। सरकार द्वारा यह टीका अब स्कूलों में निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने वैक्सीन को सुरक्षित और डब्लूएचओ द्वारा प्रमाणित बताया। विद्यालय के चेयरमैन टी. एन. चौबे ने कहा कि संस्था शिक्षा के साथ स्वास्थ्य के प्रति भी सजग है। अंत में विशेषज्ञ ने छात्राओं के प्रश्नों का समाधान किया और टीकाकरण के महत्व पर जोर दिया।










