जनगणना 2027 की तैयारी तेज, इटाढ़ी में प्रगणक व पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ
इटाढ़ी। जनगणना 2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित इटाढ़ी प्रखंड अंतर्गत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ गुरुवार को हुआ। तीन दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण शुरू किया गया है। प्रशिक्षण का मूल उद्देश्य गणना कार्य हेतु प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को दक्ष बनाना है। प्रत्येक बैच को त्रिदिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का मुख्य विषय गणना से संबंधित सभी अवधारणाओं एवं परिभाषाओं की जानकारी देना है। साथ ही जनगणना से जुड़े नियम, अधिनियम एवं कार्य प्रणाली को समझाया जा रहा है। नजरी नक्शा निर्धारण, मकानों की नंबरिंग तथा एचएलओ ऐप के माध्यम से पूछे जाने वाले 34 अधिसूचित प्रश्नों को परिवार से प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही स्व-गणना से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में प्रखंड विकास पदाधिकारी किरण कुमारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी हेमंत कुमार चौबे, प्रशिक्षक विजय प्रताप गोप, नुरुल्लाह खां, पद्मजीत चौधरी, संतोष कुमार, विकास राय, चन्द्र विजय कुमार सहित सभी प्रशिक्षु उपस्थित थे।










