लोक अदालत को लेकर बैठक, 3000 मामलों के समाधान का लक्ष्य तय
बक्सर। आगामी 09 मई 2026 को विधिक सेवा सदन एवं व्यवहार न्यायालय परिसर में वर्ष 2026 के द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन वर्चुअल एवं फिजिकल दोनों माध्यम से किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार बक्सर काजल झाम्ब की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवर न्यायाधीश सह सचिव नेहा दयाल ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की गहन समीक्षा की। इस दौरान बैंक ऋण, बिजली विभाग, माप-तौल एवं आपराधिक मामलों सहित अधिक से अधिक मामलों के सुलह-समझौते के आधार पर निष्पादन पर जोर दिया गया। नेहा दयाल ने बताया कि इस बार करीब 3000 मामलों के निपटारे का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने न्यायिक पदाधिकारियों से अपील की कि वे पक्षकारों को लोक अदालत के माध्यम से विवाद समाधान के लिए प्रेरित करें, जिससे समय और धन की बचत हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि लोक अदालत में बिना किसी अदालती शुल्क और बिना वकील के आपसी सहमति से मामलों का अंतिम निपटारा किया जाता है, जिसे विधिक मान्यता प्राप्त होती है। बैठक में व्यवहार न्यायालय, बक्सर के सभी न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।










