सीएम सम्राट चौधरी से मिले संतोष निराला, बिहार के विकास पर जताया भरोसा
बक्सर। बिहार के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने पर राजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला ने सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और राज्य प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा। संतोष कुमार निराला ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने “विकसित बिहार” के संकल्प के साथ राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उनके द्वारा स्थापित विकास की मजबूत नींव पर आगे बढ़ते हुए वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार को और अधिक गति देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य को वैश्विक स्तर पर विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। साथ ही सुशासन, विकास और जनकल्याण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बिहार को नई पहचान दिलाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।










