यश फाउंडेशन द्वारा भव्य सामूहिक विवाह समारोह संपन्न, 11 जोड़े बंधे वैवाहिक सूत्र में
बक्सर। गुरूवार को नगर भवन, बक्सर में यश फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में शामिल होकर सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएँ दी गईं और यश फाउंडेशन की इस सराहनीय सामाजिक पहल की सराहना की गई। यश फाउंडेशन द्वारा 11 दिसंबर 2025 को आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह में कुल 11 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराया गया। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला। गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की विदाई सम्मानपूर्वक हो सके, इसके लिए फाउंडेशन की ओर से आवश्यक घरेलू सामग्री भी प्रदान की गई, जिसमें पलंग, तोसक, तकिया, बेडशीट, रजाई, ड्रेसिंग टेबल, बर्तन सेट, दो सेट गहना तथा एक ट्रॉली बैग (क्रीम, पाउडर, सर्फ-साबुन सहित) शामिल थे। समारोह में जयमाल कार्यक्रम के साथ आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी हुईं, जिसने पूरे माहौल को उत्सवी रंग में रंग दिया। आयोजकों ने कहा कि इस सामूहिक विवाह का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के महत्वपूर्ण संस्कार में सहयोग प्रदान करना और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है।










