भरियार गांव में भक्ति और श्रद्धा के साथ यज्ञ संपन्न, भंडारे में उमड़ी भीड़
चक्की। प्रखंड के भरियार गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा आज पूरे धूमधाम के साथ संपन्न हो गई। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल देखने को मिला और लोग आनंदित नजर आए। यज्ञ संपन्न होने के बाद आयोजित भंडारे में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही प्रसाद ग्रहण करने के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। लोग उत्साह के साथ कह रहे थे कि वे भी एक बार यज्ञ का प्रसाद अवश्य ग्रहण करें। बताते चलें कि भरियार गांव में जीयर स्वामी जी महाराज के आह्वान पर काली मां मंदिर की स्थापना की गई थी। इसी अवसर पर उनके आह्वान पर यज्ञ का आयोजन किया गया और श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन भी संपन्न हुआ। कथा वाचक आचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने अपने प्रवचन में कहा कि चाहे कितना भी बड़ा पाप क्यों न हो, यज्ञ का प्रसाद ग्रहण करने से सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। इसलिए हर व्यक्ति को अपने सभी कार्य छोड़कर प्रसाद अवश्य ग्रहण करना चाहिए, क्योंकि यज्ञ का प्रसाद सभी को सौभाग्य से ही प्राप्त होता है। भरियार गांव के राकेश तिवारी, प्रदीप तिवारी और विजय तिवारी ने बताया कि सुबह 9 बजे से भंडारे का आयोजन शुरू हुआ, जो रात 9 बजे तक चलता रहा।










