कीचड़ में कमल लगाकर ग्रामीणों का अनोखा विरोध, जर्जर सड़क पर फूटा गुस्सा
बक्सर। जिले के ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सिमरी प्रखंड के ग्राम एकौना में मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति, जलजमाव और घुटने तक भरे कीचड़ से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। समाजवादी विचार मंच के संयोजक संतोष मुखिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने सरकार के चर्चित जुमले “कीचड़ में ही कमल खिलते हैं” पर तंज कसते हुए सहियार-डुमरी पथ स्थित एकौना गांव की मुख्य सड़क पर जलजमाव से बने तालाब में कमल का पौधा रोप दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब प्रशासन और सरकारी तंत्र अपनी विफलताओं को छिपा रहा है, तो जनता भी अब उसी भाषा में जवाब दे रही है। संतोष मुखिया ने कहा कि यह मुख्य सड़क दर्जनों गांवों को जोड़ती है, लेकिन अब यह चलने लायक नहीं रह गई है। आए दिन मोटरसाइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं और लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि किसी के बीमार पड़ने पर लोगों को लगभग 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जलजमाव के कारण क्षेत्र में संक्रमण और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि पोस्टर और पौधे के माध्यम से वे सरकार को याद दिलाना चाहते हैं कि अब केवल राजनीति नहीं, बल्कि पक्की और सुरक्षित सड़क की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण और जल निकासी के लिए नाली की व्यवस्था नहीं की गई, तो अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा।










