एक साथ दो दुकानों में चोरी, पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतरे व्यापारी
नावानगर। स्थानीय बाजार में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने एक साथ दो किराना दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी की घटना से नाराज दुकानदारों ने शुक्रवार को दुकानें बंद रखीं और डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य पथ को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, नावानगर बाजार स्थित छट्ठू चौरसिया एवं शमशेर की किराना दुकानों में चोरों ने छत के रास्ते प्रवेश कर चोरी की। बताया जाता है कि चोरों ने छत पर लगे पत्थर को हटाकर दोनों दुकानों में बारी-बारी से घुसकर घटना को अंजाम दिया। पीड़ित दुकानदारों के अनुसार, छट्ठू चैरसिया की दुकान से करीब 10 हजार रुपये नकद तथा शमशेर की किराना दुकान से लगभग 20 से 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिया गया। घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सड़क जाम की सूचना मिलते ही नावानगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मंटू कुमार मौके पर पहुंचे और आक्रोशित दुकानदारों को समझाने-बुझाने में जुट गए। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस इन घटनाओं पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है। इससे आम लोगों और व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है।










