दिल्ली विश्वविद्यालय में गूंजा बिहार का गौरव, ‘बिहार गौरव महोत्सव 2.0’ भव्य रूप से संपन्न
बक्सर। दिल्ली विश्वविद्यालय के शंकर लाल सभागार में 8 अप्रैल 2026 को ‘बिहार गौरव महोत्सव 2.0 का भव्य एवं सफल आयोजन संपन्न हुआ। बिहार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव के द्वितीय संस्करण का सफल नेतृत्व विश्वविद्यालय में अध्ययनरत बक्सर के प्रवासी छात्रों द्वारा किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे तथा बिहार सरकार के मंत्री जमा खान सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शास्त्रीय गायन एवं विभिन्न सांस्कृतिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे ‘उत्कृष्ट पहल’ बताया। इस महोत्सव को सफल बनाने में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र एवं बक्सर जिले से आने वाले अमृत राज पाण्डेय, अजय राज, आर्य गौतम, अभिषेक, विष्णु कांत, आशीष, अमन, रौनक, आर्यन, विवेक और सिद्धार्थ सहित पूरी छात्र टीम की अहम भूमिका रही। सभी प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों एवं प्रवासी बिहारवासियों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं छात्रों ने मिलकर बिहार के पारंपरिक व्यंजन लिट्टी-चोखा का आनंद लिया। यह आयोजन बिहार की संस्कृति, एकता और गौरव का जीवंत प्रतीक बनकर उभरा तथा सभी उपस्थित लोगों के लिए यादगार अनुभव साबित हुआ।










