पीएम को धमकी देने का सनसनीखेज मामला, सिमरी का युवक गिरफ्तार
बक्सर/सिमरी। प्रखंड से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक द्वारा देश के प्रधानमंत्री को जान से मारने की धमकी देने की बात उजागर हुई है। इस संबंध में बक्सर पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। एसपी के अनुसार, सिमरी थाना क्षेत्र के निवासी अमन तिवारी ने विदेशी खुफिया एजेंसी सीआईए को ईमेल भेजकर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाने और हत्या करने का प्रस्ताव दिया था। इसके लिए उसने मोटी रकम की मांग की और कार्य को अंजाम देने के लिए समय भी मांगा था। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और बक्सर पुलिस को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया। पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए मुख्य आरोपी अमन तिवारी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही इस मामले में संलिप्त उसके दो अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया है। एसपी ने बताया कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने उसके पास से लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहा है। सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी कोलकाता पुलिस द्वारा उसे एक मामले में गिरफ्तार किया गया था, हालांकि उस समय वह नाबालिग था, जिसके कारण उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत छोड़ दिया गया था। फिलहाल प्रशासन ने एहतियातन उसके घर के कमरे को सील कर दिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है। पुलिस इस प्रकरण से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में कुछ और गिरफ्तारी होने की बात बताई जा रही है। अब पूरे मामले को केंद्रीय एजेंसियां देख रही है।










