भगवती भाई आजाद की स्मृति में संकल्प सभा, जनसंघर्षों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
बक्सर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता कामरेड भगवती श्रीवास्तव उर्फ “भगवती भाई आजाद” की स्मृति में बक्सर के बारी टोला में श्रद्धांजलि सह संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में पार्टी के कई दिग्गज नेता एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद कामरेड तेजनारायण सिंह ने की, जबकि संचालन नागेंद्र मोहन सिंह ने किया। करीब 50 वर्षों तक लाल झंडे के साथ सक्रिय राजनीतिक जीवन बिताने वाले भगवती भाई ने मजदूरों, किसानों और आम जनता के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। पुलिसिया दमन झेलते हुए कई बार जेल भी गए। पटना से लेकर बक्सर तक जनविरोधी नीतियों, सामाजिक बुराइयों और शोषण के खिलाफ उन्होंने आवाज उठाई। मुनीब चौक स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापना में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभा में भाकपा बिहार राज्य सचिव रामनरेश पांडेय, पूर्व सांसद नागेंद्र नाथ ओझा, रोशन सिन्हा, गयासुद्दीन, इरफान अहमद फातमी सहित कई नेताओं ने उनके योगदान को याद किया। अंत में उनके पुत्र रितेश श्रीवास्तव ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।










