सात निश्चय-3 के तहत जन सुनवाई, डीएम ने सुनीं जनता की समस्याएं
बक्सर। जिले में सात निश्चय-03 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत जिला पदाधिकारी साहिला ने समाहरणालय सभाकक्ष में जन सुनवाई की। इस दौरान आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। जन सुनवाई में विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने कुल 29 आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें 18 आवेदन राजस्व विभाग, 7 विकास विभाग और 4 अन्य विभागों से संबंधित थे। सुनवाई में अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निष्पादन तय समय सीमा के भीतर पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन जन समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जन सुनवाई को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि आम लोगों को त्वरित राहत मिल सके।










