गेहूं खरीद लक्ष्य में भारी कटौती पर सांसद सुधाकर सिंह का विरोध, पीएम से पुनर्विचार की मांग
बक्सर। बक्सर के सांसद ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर बिहार में गेहूं खरीद लक्ष्य में भारी कटौती पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा इस वर्ष गेहूं खरीद लक्ष्य को लगभग 1.80 लाख मीट्रिक टन से घटाकर मात्र 18 हजार मीट्रिक टन करना राज्य के किसानों के हितों के खिलाफ है। सांसद ंसुधाकर सिंह ने बताया कि बिहार में प्रतिवर्ष लगभग 70 से 75 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उत्पादन होता है। ऐसे में खरीद लक्ष्य में इतनी बड़ी कमी से किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ नहीं मिल पाएगा और उन्हें अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के लिए भी हर वर्ष 20 से 22 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवश्यकता होती है। ऐसे में खरीद लक्ष्य में कटौती समझ से परे है। इसके अलावा असमय वर्षा के कारण इस वर्ष फसल की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है, जिससे किसानों की समस्याएं और बढ़ गई हैं। सांसद ने केंद्र सरकार से कम से कम 10 लाख मीट्रिक टन खरीद लक्ष्य निर्धारित करने की मांग की है, ताकि किसानों को उचित मूल्य मिल सके।










