बिहार सेंट्रल स्कूल में मेधावी छात्रों का सम्मान, मेहनत को मिला मुकाम
बक्सर। बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में आयोजित वार्षिक सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट सफलता के लिए ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन के सचिव सरोज सिंह ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके कठिन परिश्रम और लगन का परिणाम है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि विद्यालय की सच्ची सफलता तभी सिद्ध होगी जब अंतिम पंक्ति में खड़ा विद्यार्थी भी प्रथम स्थान तक पहुँचे। उन्होंने विद्यार्थियों को आचार-विचार और सामाजिक व्यवहार में भी श्रेष्ठ बनने की प्रेरणा दी। सम्मानित होने वाले मेधावियों में मुख्य रूप से अविरल पांडे, सृष्टि श्रीवास्तव, अंशु, अपराजिता, अर्नव आनंद, ऋषभ यादव, प्रताप सिंह, अंकुश आनंद, वैष्णवी गुप्ता, नवनीत कुमार राय, विक्रांत सिंह, कुमारी अर्चना, वैष्णवी कुमारी, अनामिका मिश्रा, सुमन वर्मा, राजनंदनी, किशन राज, नीरज दुबे और वरदान पांडे शामिल रहे। इन सफल छात्र-छात्राओं ने अपनी उपलब्धि का श्रेय स्वाध्याय (स्वयंअध्ययन) और नियमित अभ्यास को दिया। विद्यालय का वातावरण गर्व और हर्ष से सराबोर रहा, जो अन्य छात्रों के लिए भी भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने हेतु एक प्रेरणा का स्रोत बना। यह समारोह न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का उत्सव था, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी रहा।










