वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट से 45 लाख की शराब बरामद
बक्सर। उत्पाद विभाग ने मंगलवार को शराब तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट (ऊपरी पुल) से लगभग 45 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब और बीयर बरामद की। कार्रवाई के दौरान डीसीएम ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि चेक पोस्ट प्रभारी उत्पाद इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध डीसीएम ट्रक (एमएच 40 सीडी 6120) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चालाकी से शराब छिपाकर रखी गई थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि खेप चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी। उत्पाद विभाग के अनुसार ट्रक से 491 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें बुडवाइजर बीयर एवं क्लासिक ओल्ड हैबिट व्हिस्की शामिल हैं। कुल 3456 लीटर विदेशी शराब और 1188 लीटर बीयर, यानी 4644 लीटर शराब जब्त की गई। गिरफ्तार चालक की पहचान नागपुर निवासी सोनू सिंह (45) के रूप में हुई है। विभाग ने ट्रक जब्त कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










