जिला समन्वय बैठक में कई विभागों को समयबद्ध कार्य पूरा करने का निर्देश
बक्सर। जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। खेल मैदान निर्माण की धीमी प्रगति पर जिला परियोजना पदाधिकारी मनरेगा से स्पष्टीकरण मांगा गया तथा कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया। सड़क दुर्घटना के हॉटस्पॉट चिन्हित करने और नशा रोकथाम के लिए नियमित छापेमारी करने के आदेश दिए गए। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के लिए बैंकों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया गया। पंचायत स्तर पर शिविरों के माध्यम से आधार, राशन कार्ड एवं जॉब कार्ड से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर दिया गया। हीट वेव को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल व बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अवैध नाव परिचालन पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन ने सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया।










