बिहार सेंट्रल स्कूल में वर्ग प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन
बक्सर। शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में बुधवार को सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर वर्ग प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तीर्ण विद्यार्थियों का नई कक्षा में पारंपरिक एवं उत्साहपूर्ण तरीके से स्वागत किया गया, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सचिव सरोज कुमार सिंह के प्रेरणादायक संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय के कई छात्र डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी बनकर देश की सेवा कर रहे हैं, जो संस्थान की गुणवत्ता को दर्शाता है। इस दौरान विद्यार्थियों का माल्यार्पण, रोली तिलक और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। सभी छात्रों ने माता सरस्वती की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उप-प्राचार्य विनय कुमार तिवारी ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। वहीं शिक्षिका मधु सिन्हा ने अभिभावक-शिक्षक समन्वय को सफलता का आधार बताया। कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राओं की बड़ी भागीदारी रही। आयोजन ने नए सत्र के लिए उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।










