महिलाओं के लिए जल्द शुरू होगी निशुल्क पिंक बस सेवा, नगर परिषद की बैठक में 17 प्रस्ताव पारित
बक्सर। शहर में महिलाओं के लिए जल्द ही निशुल्क पिंक बस सेवा शुरू की जाएगी। नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया। इसके तहत दो प्रीमियम ट्रैवलर बसों की खरीदारी कर उन्हें दलसागर से ठोरा पुल तक संचालित किया जाएगा। बैठक में कुल 17 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पिंक बस सेवा के साथ-साथ शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई योजनाओं को मंजूरी दी गई। पीपी रोड स्थित ताड़का नाला से मुनीम चौक तक आरसीसी नाला, सड़क कालीकरण और पेवर ब्लॉक लगाने के लिए जल्द निविदा जारी होगी। शहीद भगत सिंह चैक से मठिया मोहल्ला होते हुए मृत नहर पुलिया तक सड़क चौड़ीकरण, नाला और फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। मठिया से वीर कुंवर सिंह पुल तक भी इसी तरह के कार्य होंगे। इसके अलावा सराय फाटक से जमुना चौक तक सड़क व नाला निर्माण, राम जानकी पोखर का विकास और जासो रोड में आरसीसी नाला बनाने की योजना को स्वीकृति मिली। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए दो लाइफ सपोर्टिंग एंबुलेंस और दो शव वाहन खरीदे जाएंगे। साथ ही 42 वार्डों में व्यायामशाला, इंडोर स्टेडियम और शहर में एलईडी लाइट लगाने का निर्णय लिया गया।










