ईद-उल-फितर का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न
बक्सर। जिला में 21 मार्च 2026 को ईद-उल-फितर का पावन पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। सुबह से ही जिले के विभिन्न ईदगाहों एवं मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में नमाजी एकत्रित हुए। मुख्य ईदगाह सहित बड़ी मस्जिद, कचहरी मस्जिद एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर सामूहिक नमाज अदा कर लोगों ने देश में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के दौरान जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी प्रमुख स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रही। यातायात पुलिस द्वारा भी विशेष प्रबंधन किया गया ताकि भीड़ और जाम की स्थिति न उत्पन्न हो। ईद के अवसर पर सांसद सुधाकर सिंह ने नमाज अदा के दौरान उपस्थित लोगों से मुलाकात कर उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं। वहीं एसडीओ एवं डीएसपी ने भी विभिन्न ईदगाहों का भ्रमण कर लोगों से सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा बाजारों में रौनक रही। पूरे जिले में ईद का पर्व शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के संदेश के साथ सम्पन्न हुआ, जिससे सामाजिक एकता की मिसाल कायम हुई।












