जनगणना 2027 की तैयारियों का डीएम साहिला ने लिया जायजा, डुमरांव प्रखंड में किया निरीक्षण
बक्सर। जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय है। शनिवार, 18 अप्रैल 2026 को जिला पदाधिकारी साहिला ने डुमरांव प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर जनगणना कार्यों का निरीक्षण किया और प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं गणना कर्मियों को अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह पेपरलेस और डिजिटल माध्यम से की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों को स्वगणना का अवसर भी दिया गया है। उन्होंने अभिलेखों, डेटा संकलन और विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि जनगणना कार्य पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष जोर देते हुए कहा कि कोई भी परिवार या व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर विकास योजनाएं बनाई जाती हैं।










