बैंक से लौट रहे व्यक्ति से लूट की कोशिश नाकाम, दो गिरफ्तार
डुमरांव। बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे एक व्यक्ति से लूट की कोशिश को पुलिस ने नाकाम करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर की गई। इस बाबत गुरुवार को डुमरांव थाना में एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इसकी जानकारी देते हुए बताया की 22 अप्रैल 2026 को नंदन गांव निवासी मनु कुमार गोंड ने सूचना दी कि पंजाब नेशनल बैंक की डुमरांव राजगढ़ शाखा से एक लाख रुपये निकालकर घर लौटने के दौरान छठिया पोखरा के पास बाइक सवार चार अपराधियों ने उनका बैग छीन लिया। घटना के दौरान दो अपराधी फरार हो गए। जबकि दो अन्य पर्स से पैसे निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव के नेतृत्व में डुमरांव पुलिस की टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। गठित टीम में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष संजय सिन्हा, एसआई गौतम कुमार, एसआई मतेंद्र कुमार तथा एसआई अर्चना कुमारी शामिल थी। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। जिसमें छपरा जिला के रसुलपुर थाना अंतर्गत रसुलपुर चट्टी निवासी प्रमोद तिवारी का पुत्र सागर तिवारी तथा छपरा जिला के ही कोपा थाना क्षेत्र के कोपा निवासी वासुदेव मिश्रा का पुत्र सागर मिश्रा शामिल है। दोनों अपराधियों से पूछताछ के आधार पर पुराना भोजपुर फ्लाईओवर के पास से चोरी की राशि में से 99,500 रुपये एवं पर्स तथा उसमें रखे गए 100 रुपये नगद और आधार व पैन कार्ड की प्रतियां बरामद की गई। पुलिस के अनुसार दोनों गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास रहा है। इस संबंध में डुमरांव थाना में मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। जबकि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।










