मानदेय और केंद्रीय राशि की मांग पर आशा कार्यकर्ताओं का जोरदार विरोध
इटाढ़ी। प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बुधवार को आशा कार्यकर्ताओं ने अपने मानदेय और केंद्रीय बजट में घोषित राशि को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन कर नाराजगी जताई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष डैजी देवी ने की। प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने “केंद्रीय राशि देना होगा” और “मानदेय देना होगा” जैसे नारे लगाए तथा सरकार से अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि केंद्रीय बजट के अनुसार उन्हें जो राशि देने का वादा किया गया था, वह अब तक नहीं मिला है, जिससे उनमें भारी आक्रोश है। इस मौके पर बेबी देवी, मीना देवी, सुधा देवी, कंचन देवी, पूनम देवी, नयनतारा देवी, जानकी देवी, ठाकुरदासो देवी, शोभा देवी, रानी देवी, अनिता देवी, मंजू देवी, आशा देवी, शांति देवी, विन्दु देवी सहित सैकड़ों आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।










