सरस्वती विद्या मंदिर सिविल लाइंस बक्सर में पूर्व छात्र बैठक, समाज सेवा और सहयोग पर दिया गया जोर
बक्सर। नगर के सरस्वती विद्या मंदिर, सिविल लाइंस के अहिल्याबाई सभागार में भोजपुर विभाग के विभिन्न विद्यालयों से आए पूर्व छात्र-छात्राओं व प्रधानाचार्यों की विभाग स्तरीय बैठक सम्पन्न हुई। यह बैठक पूर्व छात्रों की ऊर्जा व शक्ति को समाज से जोड़ने, एक-दूसरे के सहयोग में खड़े रहने तथा समाज के प्रति विद्या भारती के लक्ष्यों को पूर्ण करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। उद्घाटन सत्र में विभाग निरीक्षक लाल बाबू प्रसाद, प्रांतीय सह संयोजक अभिषेक पांडेय, प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार सिंह, पूर्व छात्र विभाग संयोजक अंकित केशरी तथा बालिका खंड से बहन राजलक्ष्मी, सुनंदा और खुशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन किया। विभाग निरीक्षक लाल बाबू प्रसाद ने उपस्थित सदस्यों को उनके दायित्व समयबद्ध व समर्पण के साथ निभाने और प्रांत द्वारा तय कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने का आह्वान किया। प्रांतीय सह संयोजक अभिषेक पांडेय ने अप्रैल से फरवरी तक विभिन्न विद्यालयों और महानगरों में आयोजित कार्यक्रमों की चर्चा की और सभी भैया-बहनों को सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। भोजपुर विभाग के पूर्व छात्र विभाग संयोजक व वामपाली विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज पांडेय, रामरेखा घाट के प्रधानाचार्य जैनेन्द्र श्रीवास्तव, बाली सोनबरसा के प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र राय और उधुरा के प्रधानाचार्य विक्रमा तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने बैठक में भाग लिया। प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार सिंह ने बैठक को विद्या भारती के छात्र-छात्राओं तथा समाज के लिए प्रेरक और हितकारी बताया।










