भीड़ को देखते हुए प्रशासन सख्त, शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव
बक्सर। चोल मुंडन के अवसर पर आज यानी सोमवार को बक्सर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष निर्देश जारी किए हैं। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय के अनुसार सुबह 4:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों के प्रवेश पर आंशिक या पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रभावित मार्गों में ज्योति चौक-थाना चौक, थाना चौक-नाथ बाबा पुल, थाना चौक-रामरेखा घाट, सिंडिकेट-जमुना चौक तथा मठिया पुल-मुनिम चौक शामिल हैं। चारपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं, जिनमें गोलंबर-सिंडिकेट बाईपास, ज्योति चौक, आईटीआई रोड, मठिया मोड़ और दानी कुटिया मार्ग प्रमुख हैं। वहीं ई-रिक्शा एवं ऑटो के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं, ताकि यातायात बाधित न हो। पार्किंग की व्यवस्था हवाई अड्डा मैदान, आईटीआई मैदान, बाजार समिति, गोलंबर पार्किंग और किला मैदान सहित कई स्थानों पर की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, मरीज और अत्यावश्यक सेवाओं पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का उपयोग न करें और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री टिकट साथ रखें।










