बड़ी खबर
दानी कुटिया मोड़ के पास ट्रक से भारी मात्रा में शराब जब्त, चालक फरार
चौसा। जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा-बक्सर मार्ग स्थित दानी कुटिया मोड़ के पास एक संदिग्ध ट्रक से भारी मात्रा में शराब बरामद की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने ट्रक (यूपी 65 डीटी 2377) की तलाशी ली, जिसमें कुल 791.280 लीटर देसी व विदेशी शराब मिली। पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक मौके से फरार हो गया। जब्त शराब में 180 एमएल की ‘8 पीएम’ ब्रांड की 1248 बोतलें (224.640 लीटर) समेत बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब तथा 200 एमएल की 1710 बोतलें (449.280 लीटर) देसी शराब शामिल है। यह कार्रवाई उत्पाद निरीक्षक प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में की गई। ट्रक व शराब जब्त कर वाहन मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। उत्पाद अधीक्षक असरफ जमाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।










