कोषागार निरीक्षण में डीएम सख्त, सुरक्षा व कार्यप्रणाली सुधारने के निर्देश
बक्सर। जिला पदाधिकारी साहिला ने शनिवार को जिला कोषागार कार्यालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था, सुरक्षा एवं कार्य प्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कोषागार कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने कोषागार के बजगृह में रखे गए मुद्रांकों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कोषागार में प्राप्त होने वाले विपत्रों में किसी प्रकार की दोहराव की संभावना को रोकने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करने तथा उसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रत्येक स्तर पर गंभीरता से जांच करने का निर्देश भी दिया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय से संबंधित पंजियों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया गया तथा कर्मचारियों को आवंटित कार्यों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी कर्मियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी कार्यालय कक्षों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई एवं संचिकाओं के बेहतर रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही पेंशनरों एवं आमजनों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के निर्देश वरीय कोषागार पदाधिकारी को दिए।










