मजदूरों की मांगों पर प्रबंधन सहमत, तीन दिन बाद आंदोलन समाप्त
बक्सर/नावानगर। डॉ. अजीत कुशवाहा के नेतृत्व में पिछले तीन दिनों से चल रहा एसएलएमजी बेवरेजेज (कोका-कोला प्लांट) के मजदूरों का आंदोलन बुधवार को सकारात्मक वार्ता के बाद समाप्त हो गया। जिला श्रम अधीक्षक, बक्सर की मध्यस्थता में मजदूर प्रतिनिधिमंडल और कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों के बीच हुई बैठक में मजदूरों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कंपनी प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि सभी मजदूरों को उनकी योग्यता एवं कार्य के अनुसार निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान किया जाएगा। साथ ही 8 घंटे से अधिक कार्य कराने पर नियमानुसार ओवरटाइम का दुगुना भुगतान भी सुनिश्चित किया जाएगा। मजदूरों को सैलरी स्लिप उपलब्ध कराने, जिसमें वेतन, ईपीएफ, ईएसआई एवं अन्य कटौतियों का पूरा विवरण रहेगा, पर भी सहमति बनी। समय पर बोनस भुगतान एवं ईएसआई सुविधा देने का आश्वासन भी प्रबंधन द्वारा दिया गया। वार्ता में यह भी तय हुआ कि आंदोलन में शामिल किसी भी मजदूर के खिलाफ प्रताड़ना, भेदभाव या नौकरी से हटाने जैसी कार्रवाई नहीं होगी। सकारात्मक बातचीत के बाद सभी मजदूर अपने कार्य पर लौट गए। डॉ. अजीत कुशवाहा ने कहा कि मजदूरों की एकजुटता और लोकतांत्रिक संघर्ष के कारण यह समाधान संभव हो सका।










