बलिया-रघुनाथपुर-आरा रेल लाइन की मांग तेज, जनप्रतिनिधियों ने रेलमंत्री को भेजा प्रस्ताव
ब्रह्मपुर। बलिया-जगजीवन हाल्ट-आरा प्रस्तावित रेल मार्ग के एलाइनमेंट को बदलकर बलिया-रघुनाथपुर-आरा किए जाने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में बक्सर विधायक आनंद मिश्र ने रेलमंत्री को पत्र लिखकर नया प्रस्ताव भेजा है। वहीं बक्सर सांसद सुधाकर सिंह एवं डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह भी रेल मंत्रालय को अपना प्रस्ताव भेज चुके हैं। बताया जाता है कि एक आरटीआई के जवाब में रेलवे ने स्पष्ट किया था कि इस रेल परियोजना को लेकर किसी जनप्रतिनिधि की ओर से औपचारिक प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ था। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता शैलेश ओझा ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने की मांग की। विधायक आनंद मिश्र ने अपने पत्र में कहा है कि यदि रेल लाइन रघुनाथपुर होकर बनाई जाती है तो प्रस्तावित दूरी करीब 61 किलोमीटर से घटकर लगभग 35 किलोमीटर रह जाएगी। इससे परियोजना की लागत और निर्माण समय में बड़ी कमी आएगी। साथ ही भोजपुर, बक्सर एवं दियारा क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि रघुनाथपुर, बनाही, बिहिया और कारीसाथ जैसे स्टेशनों को सीधे बलिया से जोड़ने पर हजारों गांवों को लाभ मिलेगा। वहीं रघुनाथपुर-टुड़ीगंज-डुमरांव मार्ग से बक्सर क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। प्रस्तावित एलाइनमेंट से धार्मिक पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्रीय लोगों ने रेल मंत्रालय से जनहित को ध्यान में रखते हुए बलिया-रघुनाथपुर-आरा एलाइनमेंट पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है।










