मातृ दिवस पर सैकड़ों माताओं को साड़ी और माला देकर किया सम्मानित
डुमरांव। अनुमंडल अंतर्गत ब्रह्मपुर प्रखंड के बड़की नैनीजोर गांव स्थित दलित बस्ती में मातृ दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर मातृ शक्ति को सम्मानित किया गया। इस दौरान सैकड़ों बुजुर्ग माताओं का चरण धोकर, मिठाई खिलाकर तथा माला पहनाकर व साड़ी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी व भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष राजकुमार कुंवर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश सचिव अजय यादव एवं जदयू जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संतोष पाठक ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सामाजिक समरसता का विकास होता है। साथ ही मातृ शक्ति के सम्मान से उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है और नारी सशक्तिकरण की अवधारणा को मजबूती मिलती है। विशिष्ट अतिथि अजय यादव एवं राजकुमार शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऐसे आयोजनों के समाज पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव और संदेश की चर्चा की तथा इसकी सराहना की। इस मौके पर भाजपा नेता धनजी पाण्डेय, विजय तिवारी, ऋषि राय, चंदन कुमार, डोडा पासवान, रामेश्वर राम, बब्लू पासवान, ठाकुर जी बाबा, दयाशंकर पाण्डेय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।










