सैनिक समागम की तैयारी तेज, बैठक में शामिल हुए 200 पूर्व सैनिक
बक्सर। आगामी 24 मई को बक्सर किला मैदान में आयोजित होने वाले सैनिक समागम समारोह को सफल एवं भव्य बनाने के उद्देश्य से आईईएसएम बक्सर की विशेष बैठक चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय एवं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया। बैठक में जिले भर से लगभग 200 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने भाग लिया। बैठक में बताया गया कि समारोह के मुख्य अतिथि रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ होंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4ः45 बजे तक चलेगा, जिसमें सैनिकों के कल्याण एवं समस्याओं पर चर्चा होगी। साथ ही सीजीडीए एवं पीसीडीए द्वारा पेंशन अदालत भी लगाई जाएगी। डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय ने समारोह को ऐतिहासिक बनाने हेतु सभी सैनिकों से युद्ध स्तर पर कार्य करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने सभी संगठनों एवं समाजसेवियों को आमंत्रित किया। सूबेदार विद्यासागर चौबे ने कहा कि संगठन पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर कार्यरत है। बैठक में लेफ्टिनेंट आर.बी. ओझा, कैप्टन श्रीनिवास सिंह, कैप्टन संजय पाठक, सूबेदार मेजर आर.बी. सिंह, पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह, कैप्टन कन्हैया पंडित, सूबेदार कमलेश्वर राय सहित सैकड़ों पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।










