मंत्री बनते ही मिथिलेश तिवारी के समर्थन में जश्न, बक्सर में बांटी गई मिठाइयां
बक्सर। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पटना के गांधी मैदान में आयोजित बिहार सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार एवं शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी ने मंत्री पद की शपथ ली। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मिथिलेश तिवारी के मंत्री बनने की सूचना मिलते ही बक्सर समेत विभिन्न क्षेत्रों में उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। चूंकि वे बक्सर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भी रह चुके हैं. इसलिए बक्सरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उनके समर्थक पटना के गांधी मैदान तक पहुंचे और शपथ ग्रहण के बाद उन्हें पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। शपथ ग्रहण समारोह में बक्सर जिले से भी एनडीए के कई कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान मुख्य रूप से धीरज कुशवाहा, मिथिलेश पांडे, नीरज पाठक, योगेश राय और रोहित ओझा उपस्थित रहे। सभी ने मंत्री बनने पर मिथिलेश तिवारी का स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दी। बताया जा रहा है कि लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले मिथिलेश तिवारी को पहली बार बिहार. मंत्रिमंडल में जगह मिली है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार इसे बीजेपी संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के रूप में देखा जा रहा है। मिथिलेश तिवारी वर्षों से पार्टी संगठन और क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं तथा सड़क से लेकर सदन तक पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। मंत्री पद की शपथ लेने के बाद बैकुठपुर समेत गोपालगंज क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और आतिशबाजी कर खुशी जताई। वहीं राजनीतिक पंडितों का मानना है कि मिथिलेश तिवारी को मंत्रिमंडल में शामिल करने से बीजेपी का संगठनात्मक और सामाजिक समीकरण दोनों मजबूत होगा। मंत्री बनने के बाद मिथिलेश तिवारी ने पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।










