रामरेखा व महादेव घाट पर नाव निबंधन शिविर, बिना रजिस्ट्रेशन संचालन पर सख्ती
बक्सर। जिला पदाधिकारी बक्सर के आदेशानुसार बक्सर अनुमंडल क्षेत्र के दो प्रखंड-बक्सर एवं चौसा-में क्रमशः रामरेखा घाट एवं महादेव घाट पर नाव के निबंधन तथा नाविकों को नाव परिचालन हेतु अनुज्ञप्ति प्रदान करने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व अधिकारी, बक्सर, नगर प्रबंधक, नगर परिषद, बक्सर, मोटर यान निरीक्षक, राजस्व अधिकारी, चैसा आदि शामिल थे। बक्सर अनुमंडल में नाव के निबंधन एवं नाविकों की अनुज्ञप्ति के लिए बुधवार को कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए। इसी प्रकार चौसा अंचल क्षेत्र के लिए कुल 1 आवेदन प्राप्त हुआ। यह शिविर पुनः आज यानी 07 मई 2026 को पूर्वाह्न 10ः00 बजे से अपराह्न 5ः00 बजे तक रामरेखा घाट, बक्सर एवं महादेव घाट, चौसा में आयोजित किया जाएगा तथा अवशेष सभी नाविकों से आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। विदित हो कि गंगा नदी में बड़े पैमाने पर नाव का परिचालन किया जाता है। इन सभी नावों का निबंधन अति आवश्यक है। जिला पदाधिकारी बक्सर द्वारा निर्देश दिया गया है कि सभी छोटे-बड़े नावों का निबंधन अनिवार्य रूप से किया जाए। बिना निबंधन के किसी भी प्रकार के नाव का परिचालन दंडनीय अपराध है तथा बिना निबंधन एवं अनुज्ञप्ति के नाव परिचालन करते हुए पकड़े जाने पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।










