गंगौली के शत्रुघ्न कुमार ठाकुर को गणित में पीएचडी की उपाधि
बक्सर। जिले के गंगौली गांव निवासी शत्रुघ्न कुमार ठाकुर उर्फ संदीप ठाकुर को गणित विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त हुई है। उन्होंने वीर कुँवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा से प्रो. आलोक कुमार के निर्देशन में शोध कार्य पूरा किया। कुलपति प्रो. शैलेन्द्र कुमार चतुर्वेदी ने उन्हें डिग्री प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। डॉ. ठाकुर का शोध विषय परिवहन समस्याओं के लिए इष्टतम मॉडल पर एक अध्ययन रहा, जो ऑपरेशंस रिसर्च के क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जाता है। यह अध्ययन संसाधनों के इष्टतम उपयोग, लागत में कमी और लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ाने में उपयोगी है, जिसका लाभ परिवहन, सप्लाई चेन और सरकारी योजनाओं में मिलता है। किसान परिवार से आने वाले डॉ. ठाकुर के पिता महेश ठाकुर किसान हैं, जबकि उनकी माता सुशीला देवी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने दिन-रात मेहनत कर यह सफलता हासिल की। छात्र राजनीति से जुड़े डॉ. ठाकुर वर्तमान में जदयू युवा प्रदेश महासचिव हैं और सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो बताती है कि दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।










