रेलवे की लापरवाही से डुमरांव स्टेशन पर हादसे का खतरा, टूटा शेड अब भी नहीं हटाया गया
डुमरांव। स्थानीय रेलवे स्टेशन के सहयोग सह पूछताछ काउंटर का टूटा हुआ शेड यात्रियों के लिए खतरा बन गया है। बावजूद विभाग की नजर इस पर अभी तक नहीं पड़ी है।जिसका खामियाजा यात्रियों को हर दिन चोटिल होकर भुगतना पड़ रहा है। विदित हो की पिछले दिनों आई तेज आंधी के दौरान सहयोग सह पूछताछ काउंटर के उपर लगा शेड टूटकर गिर गया था। वहीं इसकी चपेट में आने से एक यात्री का सिर भी फट गया था। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया के समीप एवं टिकट घर के सामने टूटे हुए शेड की तरफ रेलवे के स्थानीय कर्मियों के साथ-साथ रेलवे के संबंधित विभाग का इतने दिनों बाद तक नजर नहीं पड़ना, मानवीय संवेदना के साथ घोर लापरवाही को परिलक्षित करता है ल। यही स्थिति टिकट घर के अंदर फाल्स सिलिंग की भी है। जो टूटकर गिर रहा है जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में है। इस बारे में रेल यात्री कल्याण समिति अध्यक्ष सह समाजसेवी राजीव रंजन सिंह ने रेलवे के अधिकारियों से टूटे हुए शेड को हटाने एवं नए शेड के निर्माण की मांग की है।










