कालाजार उन्मूलन की ओर बक्सर, 2023 के बाद नहीं मिला कोई नया मरीज
बक्सर। जिले में कालाजार उन्मूलन की दिशा में लगातार प्रगति हो रही है और अब यह रोग लगभग समाप्ति की कगार पर पहुंच चुका है। वर्ष 2023 के बाद जिले में कालाजार का एक भी नया मरीज नहीं मिला है। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यालय द्वारा पूर्व प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और फॉलोअप किया जा रहा है। बुधवार को वीडीसीओ पंकज कुमार के नेतृत्व में सदर प्रखंड के छोटका नुआव और गोप नुआव गांव में पूर्व में चिन्हित मरीजों के घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच और पूछताछ की गई। कुल सात मरीजों का फॉलोअप किया गया, जिसमें सभी मरीज पूरी तरह स्वस्थ पाए गए। इस दौरान टीम ने ग्रामीणों को कालाजार के लक्षणों—जैसे लगातार बुखार, वजन घटना, कमजोरी और शरीर पर काले धब्बे—के बारे में जागरूक किया और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि यह बीमारी दोबारा भी हो सकती है, जिसे पीकेडीएल कहा जाता है, जिसका इलाज संभव है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी लक्षण पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।










