हर घर जल योजना पर सवाल, अटांव में सांसद ने उठाई जांच और कार्रवाई की मांग
बक्सर। जिले के उच्च विद्यालय अटांव में आयोजित “हर घर जल पोल खोल आंदोलन” के दौरान सांसद सुधाकर सिंह ने जनसभा को संबोधित करते हुए सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “हर घर जल” योजना का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं हो रहा है और कई गांवों में अब भी लोग शुद्ध पेयजल से वंचित हैं, जबकि कागजों पर योजना पूरी दिखाई जा रही है। सांसद ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण आम जनता को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने प्रशासन से जल योजनाओं की निष्पक्ष जांच कराने और गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समस्याओं को खुलकर उठाने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए, जिन्होंने पानी की किल्लत और अधूरी योजनाओं की शिकायतें रखीं। यह आंदोलन क्षेत्र में जल आपूर्ति की स्थिति को लेकर बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है और आने वाले समय में इस पर प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। वही मौके पर जिला अध्यक्ष शेषनाथ सिंह यादव एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










