सेवानिवृत्त सैनिक का बक्सर में भव्य स्वागत, सम्मान में उमड़ा जनसमूह
बक्सर। बक्सर की धरती उस समय देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठी, जब बंगाल इंजीनियर रेजीमेंट में 24 वर्षों तक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त होकर लौटे हवलदार मुकेश कुमार सिंह (ग्राम खैरांटी) का भव्य स्वागत किया गया। बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, जिला बक्सर के तत्वावधान में आयोजित इस स्वागत समारोह में जनशताब्दी एक्सप्रेस से उतरते ही प्लेटफॉर्म ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गूंज उठा, जिससे ट्रेन लगभग दो मिनट विलंब से रवाना हुई। स्टेशन से उन्हें खुली गाड़ी में शहीद स्मारक ले जाया गया, जहां वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद गोलंबर हनुमान मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष अरविंद सिंह एवं सहयोगियों ने फूल-माला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। तत्पश्चात उन्हें संघ के कार्यालय ‘फोर सीजन मैरिज हॉल’ लाया गया और अंत में पैतृक गांव खैरांटी पहुंचाकर ससम्मान गृह प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह के नेतृत्व में सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह (सेना मेडल), सूबेदार मेजर जितेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. सुधीर सिंह, अरविंद सिंह, मिथिलेश कुमार यादव, राजबली सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही रमेश सिंह, मोहन यादव, राजेंद्र प्रसाद, सुभाष मिश्रा, सुरेंद्र सिंह, विपिन बिहारी सिंह, राजेश्वर सिंह, फूल बदन सिंह, तारा बाबू सिंह, जयराम सिंह, नारद मुनि सिंह, जनार्दन सिंह, जालिम सिंह, जगलाल प्रसाद, भोला प्रसाद, सीताराम प्रसाद, ध्रुव यादव, शिवकुमार सिंह सहित सैकड़ों पूर्व सैनिकों की भागीदारी रही। अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि भविष्य में भी हर सेवानिवृत्त सैनिक का इसी तरह भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी मंजी सिंघानिया थे।










