एम.पी. उच्च विद्यालय में जयंती पर वृक्षारोपण, पर्यावरण बचाने का संकल्प
बक्सर। गुरूवार को एम.पी. उच्च विद्यालय, बक्सर में बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती एवं पुस्तक दिवस के अवसर पर इको क्लब के तहत पर्यावरण सचेतता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया और विद्यालय परिसर में बागवानी की सफाई व पौधों की सिंचाई की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति सचेत रहने का अर्थ है अपने आसपास के वातावरण की रक्षा करना और स्थायी जीवन शैली अपनाना। इसके अंतर्गत प्लास्टिक का कम उपयोग, कागज या कपड़े के थैले का प्रयोग, पानी व बिजली की बचत, तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करना जरूरी है। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण के लिए पेट्रोल-डीजल वाहनों के सीमित उपयोग और कचरा प्रबंधन के तहत गीले व सूखे कचरे को अलग करने तथा पुरानी वस्तुओं के पुनर्चक्रण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण हम सभी का कर्तव्य है। इस अवसर पर एनसीसी के एनओ अनूप कुमार, शिक्षक रमेंद्र पाण्डेय, शीबू कुमारी, परिचारी रमेश प्रसाद एवं अभिभावक उपस्थित रहे।










