अरियांव गांव में किशोरी की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच, एफएसएल टीम भी मौके पर
ब्रह्मपुर। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में बुधवार को दोपहर एक किशोरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 18 वर्षीय श्वेता कुमारी, पिता राजेश उपाध्याय उर्फ बबलू उपाध्याय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दरवाजा खोलते ही प्रवीण कुमार उपाध्याय नामक हमलावर ने उस पर गोली चला दी, जो उसकी पीठ में लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार एवं एसआई सुनील कुमार साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटना स्थल से 9 जिंदा कारतूस और 1 खोखा बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इलाके में दहशत का माहौल है। बुधवार को सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक बक्सर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव एवं स्थानीय थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंचे और जांच प्रारंभ की। घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है तथा एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। मामले की गंभीरता से जांच जारी है और दोषियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है। बक्सर पुलिस ने जल्द ही घटना के उद्भेदन और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।










