डुमरांव स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आकर मेडिकल छात्र की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी रेल पुलिस
डुमरांव। बुधवार की देर शाम डुमरांव स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक मेडिकल छात्र की संदेहास्पद परिस्थियों में मौत हो गई। जिसकी पहचान पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के न्यू अल्कापुरी निवासी डाॅ. रजनीश कुमार के बड़े पुत्र हर्ष आनंद के रूप में हुई है। जो गया मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र था। वहीं उसके पिता चानन बांका में चिकित्सक के रूप में कार्यरत हैं। रेल सूत्रों के अनुसार यह घटना स्टेशन से करीब 2 किलोमीटर पूरब पोल संख्या 643/9-11 के बीच हथेलिपुर मठिया गांव के नजदीक अप मेन लाइन की है। जहां 53201 पटना-बक्सर फास्ट पैसेंजर से यात्रा के दौरान ट्रेन से गिरकर मेडिकल छात्र की मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थानाध्यक्ष मनीष कुमार रेल यात्री कल्याण समिति अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह एवं जीआरपी व आरपीएफ की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं वरीय अधिकारीयों के निर्देश पर रेल थानाध्यक्ष आरा रणधीर कुमार पूरे दल-बल के साथ घटना के कारणों की जांच करने पहुंचे। विदित हो की ट्रेन से यात्रा के दौरान परिजनों से बात के क्रम में हर्ष का मोबाइल बंद हो गया। मोबाइल बंद होने से पहले वह पटना पहुंचने की बात बताया था। विलंब होने पर उसके परिजनों ने रेलवे कंट्रोल से संपर्क साधा। जहां टॉवर लोकेशन डुमरांव स्टेशन के समीप बता रहा था। जिसके बाद रेल पुलिस डुमरांव स्टेशन पहुंचकर उसके शव की शिनाख्त की। परिजनों के अनुसार उसका पुत्र डुमरांव कैसे पहुंचा जबकि वह गया से पटना आ रहा था। इसी सब बिंदुओं को ध्यान मे रखकर रेल पुलिस ने एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बुलाया। जहां उसने मृतक के ब्लड सैम्पल और उसके मोबाइल को जांच के लिए अपने साथ फॉरेंसिक लैब ले गए। इस दौरान घटनास्थल पर जांच के लिए जीआरपी रेल निरीक्षक रीतेश कुमार सिंह तथा आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार मौजूद थे।










